भारत में रिन्यूएबल एनर्जी और सोलर सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में इंदौर की जानी-मानी वाटर पंप निर्माता कंपनी Shakti Pumps (India) Limited के शेयरों ने बुधवार को निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर चौंका दिया। मध्य प्रदेश सरकार से ₹170 करोड़ से ज्यादा का बड़ा ऑर्डर मिलते ही कंपनी के शेयरों में 5% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई और यह शेयर बाजार में चर्चा का विषय बन गया।

मध्य प्रदेश सरकार से मिला ₹170 करोड़ का बड़ा ऑर्डर
Shakti Pumps ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसे मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड से 4,840 स्टैंड-अलोन ऑफ-ग्रिड डीसी सोलर फोटोवोल्टिक वाटर पंपिंग सिस्टम (SPWPS) की सप्लाई का वर्क ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (PM-KUSUM) के कंपोनेंट-बी के तहत दिया गया है। इस पूरे ऑर्डर की कुल वैल्यू करीब ₹170.25 करोड़ है, जिसमें GST भी शामिल है।
कंपनी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को 120 दिनों के भीतर पूरा किया जाएगा और यह पूरे मध्य प्रदेश राज्य में लागू होगा। सोलर पंप्स की मांग लगातार बढ़ रही है, खासकर किसानों के बीच, क्योंकि इससे डीजल और बिजली पर निर्भरता कम होती है। यही वजह है कि सरकार भी सोलर वाटर पंपिंग सिस्टम को तेजी से बढ़ावा दे रही है, जिसका सीधा फायदा Shakti Pumps जैसी कंपनियों को मिल रहा है।
शेयर बाजार में दिखा तगड़ा असर, निवेशकों में उत्साह
इस बड़ी खबर के बाद Shakti Pumps के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयर 5.27% तक चढ़कर ₹736.70 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया, जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर यह करीब 5% की तेजी के साथ ₹736 तक गया। दोपहर 12:40 बजे के आसपास शेयर ₹727.75 पर ट्रेड कर रहा था, जो करीब 3.86% की बढ़त दिखाता है।
दिलचस्प बात यह है कि इसी दौरान NIFTY50 इंडेक्स सिर्फ 0.39% की बढ़त पर था, यानी Shakti Pumps का प्रदर्शन बाजार से कहीं बेहतर रहा। इससे साफ है कि निवेशकों ने इस सरकारी ऑर्डर को कंपनी के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत के रूप में लिया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार मिल रहे ऑर्डर्स से कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत हो रही है, जिसका असर आने वाले तिमाहियों के नतीजों में भी दिख सकता है।
झारखंड से भी मिला ऑर्डर, सोलर सेक्टर में मजबूत हो रही पकड़
मध्य प्रदेश के इस बड़े ऑर्डर से ठीक एक दिन पहले ही Shakti Pumps को झारखंड से भी एक अहम प्रोजेक्ट मिला था। कंपनी ने बताया कि झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी ने उसे 1,000 स्टैंड-अलोन ऑफ-ग्रिड सोलर फोटोवोल्टिक वाटर पंपिंग सिस्टम की सप्लाई का ऑर्डर दिया है। इस ऑर्डर की कुल वैल्यू करीब ₹21 करोड़ है और यह भी PM-KUSUM योजना के तहत ही दिया गया है।
लगातार अलग-अलग राज्यों से मिल रहे ये ऑर्डर इस बात का संकेत हैं कि Shakti Pumps की सोलर पंप सेगमेंट में पकड़ मजबूत होती जा रही है। देश में किसानों को सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में इस सेक्टर में और ग्रोथ की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, निवेश से पहले निवेशकों को अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लेनी चाहिए, क्योंकि शेयर बाजार में जोखिम हमेशा बना रहता है।
यह भी पढ़े – 👉 Rajasthan Government का मेगा सोलर प्लान: 33 MW रूफटॉप प्रोजेक्ट के लिए टेंडर जारी, जानिए शर्तें और लागत